रांची। सत्य भारती हॉल में सोमवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की ओर से छात्र कन्वेंशन का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड की शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुधार को लेकर चर्चा की गयी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा को सभी छात्रों के लिए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समान बनाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कन्वेंशन के मुख्य वक्ता ऐशे घोष ने झारखंड की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिलना जरूरी है। छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
SFI झारखंड राज्य कन्वेनर दानिश ने कन्वेंशन में सितंबर से ‘स्कूल बचाओ अभियान’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सरकारी स्कूलों की स्थिति, छात्रों की समस्याओं और शिक्षा के अधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जायेगा। संगठन की ओर से इन मुद्दों को लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की बात कही गयी।
कन्वेंशन में SFI रांची कन्वेनर फिजा, ओजस्वी राज, फैजान खान, सोमा, ज्योति, रवि कुमार, सुकेशी कर्मकार, छूटनी असुर, विक्की मिंज, रोहित केरकेट्टा और फराज अब्बास समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। SFI नेताओं ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा।




