रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर, सीसीएल के तत्वावधान में डीएवी स्पोर्ट्स–2026 राज्य स्तरीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन 25 और 26 अगस्त को विद्यालय परिसर में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 अगस्त की सुबह 9 बजे होगा।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न डीएवी विद्यालयों के 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
हर्ष नाथ मिश्रा होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीसीएल, दरभंगा हाउस, रांची के निदेशक (एचआर) हर्ष नाथ मिश्रा होंगे। वहीं सीसीएल के चेयरमैन, एलएमसी-सह-जीएम (वेलफेयर) संजय कुमार ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर एम.के. सिन्हा, एआरओ, झारखंड जोन-बी, तापस घोष, मैनेजर, एलएमसी, किरण यादव, क्लस्टर इंचार्ज, क्लस्टर-IX और विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार झा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहेंगे।
विद्यार्थियों के विकास में खेल अहम
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार झा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की। विद्यालय परिवार की ओर से खिलाड़ियों और अतिथियों के स्वागत की भी तैयारी पूरी कर ली गई है।




