फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची नगर निगम की डिजिटल पहल: घर बैठे ऑनलाइन बुक करें कम्युनिटी हॉल, 6 सितंबर से पोर्टल लाइव

दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति, शादी और आयोजनों के लिए कम्युनिटी हॉल की ऑनलाइन बुकिंग शुरू

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: सामाजिक कल्याण और राजधानीवासियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की है। शहर के नागरिकों को अब विवाह, सांस्कृतिक आयोजनों, धार्मिक अनुष्ठानों या पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए नगर निगम के सामुदायिक भवनों (कम्युनिटी हॉल) की बुकिंग कराने हेतु सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। निगम ने अपनी इस सेवा को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है।
ऑनलाइन व्यवस्था के प्रथम चरण में शहर के 5 प्रमुख सामुदायिक भवनों को शामिल किया गया है, जिनकी ऑनलाइन बुकिंग 6 सितंबर 2026 से आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो जाएगी। नगर निगम की योजना कुल 16 सामुदायिक भवनों को तैयार कर चरणबद्ध तरीके से इस ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल से जोड़ने की है।
प्रथम चरण में ये 5 सामुदायिक भवन हुए ऑनलाइन:
  • वार्ड संख्या-14: इंदिरा गांधी चौक स्थित कम्युनिटी हॉल
  • वार्ड संख्या-18: ईस्ट जेल रोड स्थित कम्युनिटी हॉल
  • वार्ड संख्या-36: न्यू पुंदाग स्थित कम्युनिटी हॉल
  • वार्ड संख्या-44: इलासिया कम्युनिटी हॉल, पारस टोली
  • वार्ड संख्या-45: ग्वाला टोली, मजार रोड, डोरंडा स्थित कम्युनिटी हॉल

दो श्रेणियों में बांटे गए भवन; जानें दरें और सुरक्षा राशि

नागरिकों की सुविधा और भवनों में उपलब्ध व्यवस्थाओं (जैसे- हॉल की क्षमता, मुख्य सड़क की चौड़ाई, पार्किंग, आवासीय सुविधाएं व परिसर) के आधार पर इन्हें दो श्रेणियों में बांटा गया है:
  1. स्वर्णरेखा श्रेणी: इस श्रेणी के प्रीमियम सामुदायिक भवनों की बुकिंग दर ₹25,000 + GST तय की गई है।
  2. पलाश श्रेणी: इस श्रेणी के सामुदायिक भवनों की बुकिंग दर ₹15,000 + GST निर्धारित की गई है।
दोनों ही श्रेणियों में बुकिंग के समय ₹5,000 की सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी, जो आयोजन समाप्त होने के बाद निर्धारित नियमों व शर्तों के अनुसार रिफंडेबल (वापस योग्य) होगी।

कैसें करें घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग?

इच्छुक नागरिक रांची नगर निगम के आधिकारिक पोर्टल https://apnaranchi.rsccl.in/ पर जाकर पसंदीदा सामुदायिक भवन की उपलब्धता की जांच कर सकते हैं और अपनी सुविधानुसार तिथि चुनकर भुगतान कर सकते हैं।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस पारदर्शी और सुगम व्यवस्था से बिचौलियों पर लगाम लगेगी और सार्वजनिक संपत्तियों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। आने वाले दिनों में शेष कम्युनिटी हॉल भी इस ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़े जाएंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram