Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले में रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर के बड़की पौना गांव में सोमवार को जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में दो महिलाओं की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों के अचानक प्रवेश से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है।
मंदिर के समीप हुआ हादसा, दो महिलाओं की गई जान
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय भानु देवी (पति फुलेश्वर महतो) और 55 वर्षीय सबिना खातून (पत्नी मो. सलीम) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भानु देवी खेत में काम कर रही थीं, तभी हाथियों का झुंड गांव की ओर बढ़ आया। इसी दौरान मंदिर के समीप दोनों महिलाएं हाथियों की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
छतों पर चढ़कर ग्रामीणों ने बचाई जान
हाथियों के दल को देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों और अपने घरों की छतों पर चढ़कर जान बचाई। लोगों ने पटाखे फोड़कर और आवाजें निकालकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन झुंड काफी समय तक गांव के आसपास ही डटा रहा।
40 हाथियों के झुंड से अलग होकर पहुंचे थे हाथी
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 40 हाथियों का एक बड़ा झुंड पिछले कई दिनों से रजरप्पा, गोला और मकनपुर इलाके में घूम रहा है। इसी झुंड से अलग हुए 8 से 10 हाथियों का समूह बड़की पौना गांव की आबादी में घुस आया, जिसके कारण यह घटना घटी।
मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने इलाके में हाथियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता और स्थायी इंतजाम करने की मांग की है।





