पलामू: चैनपुर थाना परिसर में रविवार को आपराधिक मामलों में आरोपी रहे और जेल से रिहा हुए लोगों की थाना परेड कराई गई। इसमें कुल 117 लोग शामिल हुए।
इनमें हत्या के 26, लूट के 15, चोरी के 15, आर्म्स एक्ट के 33 और अन्य मामलों के 28 आरोपी शामिल थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने लोगों से बातचीत कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली।
एसपी ने सभी से अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति के साथ उसके परिवार के भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण जीवन जीने की सलाह दी।
एसपी ने चेतावनी दी कि दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना परेड का उद्देश्य जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना और उन्हें अपराध से दूर रखना है।
मौके पर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी समेत पुलिस पदाधिकारी, जवान और चौकीदार मौजूद रहे।




