Lifestyle Adda: दिवाली आने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं और इस दौरान लोग अपनों को भेजने के लिए उपहारों की पैकिंग में जुट जाते हैं। उपहार चाहे छोटा हो या बड़ा, उसकी पैकिंग सही तरीके से होनी चाहिए ताकि वह देखने वाले को अपनी ओर आकर्षित कर सके। हालांकि, इस दौरान कई पैकर्स बड़े डिस्काउंट या आकर्षक ऑफर देकर ग्राहकों को लुभाने की कोशिश करते हैं, जिनसे ग्राहकों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है।
किसी भी पैकर्स एंड मूवर्स का चयन करते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, अन्यथा भविष्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इन सावधानियों को अपनाकर आसानी से फर्जी पैकर्स से बचा जा सकता है।
मान्यता और ट्रांजिट बीमा की जांच
पैकर्स और मूवर्स वही होने चाहिए जिन्हें एफआईडीआई (FIDI) से मान्यता प्राप्त हो। बिना मान्यता के काम कर रहे लोग जालसाज हो सकते हैं, इसलिए इस बात का विशेष ध्यान रखें। इसके अलावा, जो मूवर्स और पैकर्स आपका सामान सुरक्षित पहुंचाने के लिए जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा या वाहन बीमा की तर्ज पर ट्रांजिट बीमा (Transit Insurance) करते हैं, आप उन पर आंख मूंदकर भरोसा कर सकते हैं, ताकि किसी भी तरह का नुकसान होने पर बिना किसी विवाद के स्थिति को आसानी से संभाला जा सके।
लिखित समझौता और नियमों की जांच
आप दिवाली पर जिस किसी भी पैकर्स के साथ डील करते हैं, उस डील को हमेशा लिखित रूप में कराएं और उस पर कंपनी की आधिकारिक मुहर (स्टैंप) लगी होनी चाहिए, तभी उस पर विश्वास करें। साथ ही, कंपनी के नियम व शर्तों को हमेशा ध्यानपूर्वक पढ़ें और सोच-समझकर ही कोई कदम उठाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर उसका डटकर मुकाबला किया जा सके।
कंपनी की पृष्ठभूमि की करें जांच
धोखाधड़ी से बचने के लिए पैकर्स एंड मूवर्स के बारे में अच्छी तरह से छानबीन जरूर कर लेनी चाहिए। संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, उसके पुराने ग्राहकों की प्रतिक्रिया और उनकी कार्यशैली के बारे में थोड़ी बहुत जानकारी अवश्य हासिल कर लें। इस प्रकार आप कंपनियों की विशेषज्ञता के बारे में सटीक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और एक सही व सुरक्षित निर्णय ले सकते हैं।







