श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अशदर गली के पास हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी कमांडर यासिर को मार गिराया।
सेना की 53वीं राष्ट्रीय राइफल्स, स्पेशल फोर्सेज, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने खुफिया सूचना के आधार पर इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में यासिर मारा गया। सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया के जरिए ऑपरेशन की पुष्टि की है।
लश्कर के ग्रुप से जुड़ा था यासिर
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यासिर लश्कर-ए-तैयबा के सूलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा हुआ था। करीब एक साल पहले वह इस ग्रुप से अलग हो गया था और यूसमर्ग के ऊपरी इलाकों में सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
सांबा में भी तलाशी अभियान
उधर, सांबा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और बीएसएफ ने सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। शुक्रवार को रीगल गांव से शुरू हुआ अभियान चिल्लेरियां, नडाला और प्लूरा तक चलाया गया।
अभियान के दौरान संवेदनशील और रणनीतिक स्थानों पर गश्त की गई। अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी ली।




