Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन में गाजियाबाद के रहने वाले लॉ ग्रेजुएट मोहम्मद जुनैद भी पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और प्रदर्शन का समर्थन किया। छात्रों से बातचीत के दौरान जुनैद ने कहा कि वह न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे हैं और लोग उनके जज बनने के लिए प्रार्थना करें।
JPSC-JSSC आंदोलन में पहुंचे जुनैद
रांची पहुंचे मोहम्मद जुनैद ने अभ्यर्थियों और पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वह लॉ ग्रेजुएट हैं। उन्होंने कहा कि उनके घर में भैंस की डेयरी है और यही उनका पुश्तैनी काम है। जुनैद ने बताया कि वह जुडिशरी की तैयारी भी कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से कहा, “प्रार्थना कीजिए कि हम भविष्य में जज बन जाएं।”
अभ्यर्थी ने कही निष्पक्ष परीक्षा की बात
जुनैद की बात पर एक आंदोलनकारी अभ्यर्थी ने कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि जज के सभी एग्जाम पूरी निष्पक्षता के साथ हों और जो लायक हैं, वे जज बनें। जुनैद ने भी इस बात से सहमति जताई। इसके बाद उन्होंने पानी की बोतलें उठाईं और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बांटने लगे।
जंतर-मंतर पर भी छात्रों का किया था समर्थन
मोहम्मद जुनैद इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET छात्रों के आंदोलन का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने वहां प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच मुफ्त में खाना और पानी बांटा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, NEET छात्रों का आंदोलन खत्म होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस जुनैद के घर पहुंची थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि मोबाइल की दुकान चलाने वाले जुनैद ने जंतर-मंतर पर इतने लोगों के लिए मुफ्त खाना और पानी की व्यवस्था कैसे की और इसका खर्च कहां से आया। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जुनैद को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था।
रांची आंदोलन में आम लोग भी पहुंच रहे
इधर रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। आंदोलन में आम लोगों के साथ स्कूली बच्चे भी पहुंच रहे हैं। गुरुवार को छठी कक्षा में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र जैद भी आंदोलन में पहुंचा। उसने छात्रों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं पर अपनी बात रखी।
पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने पर जैद ने कही बात
जैद ने कहा कि छात्र और युवा देश को आगे ले जाने के लिए मेहनत करते हैं। पढ़ाई-लिखाई, खेलकूद, आधुनिकीकरण और अवसरों के लिए वे दिन-रात मेहनत करते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। उसने कहा कि इसके बाद कई बार पेपर लीक हो जाता है या परीक्षा रद्द कर दी जाती है।
CM हेमंत सोरेन से की अपील
जैद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हुए कहा कि सरकार और सीएम उनकी जरूरतों को पूरा करें और उनकी बात पर ध्यान दें। उसने कहा कि ऐसा होने से भविष्य में छात्रों को इस तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।





