जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन के महानायक शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस जमशेदपुर के कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कदमा पहुंचे और शहीद निर्मल महतो की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि “जब तक सूरज-चांद रहेगा, तब तक शहीद निर्मल महतो का नाम अमर रहेगा।” उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों और आंदोलनकारियों की धरती है। अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए कई लोगों ने संघर्ष और बलिदान दिया, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे ग्रामीण
शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्वी सिंहभूम के कई ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कदमा उलियान पहुंचे। लोग पारंपरिक वेशभूषा में जुलूस के रूप में समाधि स्थल तक पहुंचे। इस दौरान “शहीद निर्मल महतो अमर रहें” के नारे लगाए गए।
ढोल-मांदर की थाप पर दी श्रद्धांजलि
समारोह में ढोल, मांदर और नगाड़ों की थाप के बीच लोगों ने शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि दी। लोगों ने उनके झारखंड आंदोलन में योगदान को याद किया और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




