रांची/गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार को निधन हो गया। शनिवार देर रात अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। खास बात यह है कि शनिवार को ही सुदिव्य कुमार सोनू शिक्षक दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हुए थे।
सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। इसके अलावा उनके पास नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग की भी जिम्मेदारी थी।
वह गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक थे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। पार्टी संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं।
उनके निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है। झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में भी शोक का माहौल है।




