Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जनसंपर्क अभियान चलाया। यह अभियान विधायक सरयू राय के निर्देश पर उलियान क्षेत्र के कई इलाकों में आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी शिकायत सफाई व्यवस्था को लेकर रही। लोगों ने बताया कि गलियों में कचरे के ढेर लगे हैं और नगर निगम की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कार्यकर्ताओं ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि इस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा स्ट्रीट लाइट की समस्या भी प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने आई। कई मोहल्लों में रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। कार्यकर्ताओं ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस विषय में संबंधित विभाग से तुरंत बात कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
अभियान के दौरान भाजपा-जदयू पदाधिकारियों ने यह भी निर्णय लिया कि हर बूथ स्तर पर एक स्थानीय समिति गठित की जाएगी, जो इलाके की समस्याओं की पहचान कर समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
कार्यकर्ताओं ने कदमा के नीमतल्ला पथ, मधुसूदन पथ, बनियापाड़ा, उलियान हरि मंदिर लाइन, धोबी लाइन, टैंक रोड और नजरुल पथ जैसे इलाकों का दौरा किया। उन्होंने वहां के निवासियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतें एक रजिस्टर में दर्ज कीं।
इस जनसंपर्क अभियान में राकेश सिंह, नीरज सिंह, राजेश सिंह, टीटू दास, भीम सिंह, संजीव आचार्या, राणा प्रताप सिंह, धरन सिंह, केपी सिंह, उमेश ठाकुर, अजीत सिंह, डिपल विस्वास, रंजन भगत और राजन नायक समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाजपा-जदयू नेताओं ने कहा कि यह जनसंपर्क सिर्फ चुनावी नहीं, बल्कि जनसेवा का अभियान है। जनता की हर समस्या को विभागीय स्तर पर पहुंचाया जाएगा और जल्द से जल्द समाधान की दिशा में काम होगा।





