फॉण्ट कनवर्टर NEW

एयर होस्टेस और ग्राउंड क्रू की हाई-टेक ट्रेनिंग चयन प्रक्रिया पूरी, इसी माह आएगी पहली लिस्ट

एविएशन सेक्टर में झारखंड का बड़ा कदम,युवाओं को राज्य में मिलेगी एयर होस्टेस और फ्लाइट स्टीवर्ड की वर्ल्ड-क्लास ट्रेनिंग

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। झारखंड के युवाओं के लिए उड्डयन (एविएशन) क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सुनहरा सपना अब साकार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप, राज्य में पहली बार एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण शुरू होने जा रहा है। नागरिक उड्डयन विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) ने ‘डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट’ पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया सफलता पूर्वक संपन्न कर ली है। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो अगले माह से संस्थान में नियमित प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत कर दी जाएगी।
वर्षों के अथक प्रयासों के बाद शुरू हो रहे इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को लेकर राज्य के अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों का मूल्यांकन केवल उनकी शैक्षणिक योग्यता तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके संचार कौशल (Communication Skills), अंग्रेजी भाषा में दक्षता, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और उड्डयन उद्योग के प्रति उनकी रुचि एवं समर्पण को विशेष प्राथमिकता दी गई। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और अंतरराष्ट्रीय विमानन मानकों के अनुसार संचालित किया गया।
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने संस्थान की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में देशभर में एविएशन सेक्टर अभूतपूर्व गति से विस्तार कर रहा है, जिससे इस क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं पैदा हो रही हैं। ऐसे समय में झारखंड के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्तरीय ट्रेनिंग उनके अपने राज्य में ही उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं के लिए एयरलाइंस, डोमेस्टिक व इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों, पैसेंजर सर्विस और एविएशन हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में करियर के नए दरवाजे खुलेंगे।
कैप्टन सिन्हा ने आगे कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री या प्रमाण-पत्र बांटना नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप निपुण बनाना है। अभ्यर्थियों को पेशेवर दक्षता, अनुशासन, पर्सनालिटी डेवलपमेंट और प्रभावी संवाद क्षमता से लैस किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि संस्थान में इससे पहले कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) की ट्रेनिंग भी सफलतापूर्वक शुरू की जा चुकी है।

जानिए कब आएगी मेरिट लिस्ट

साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद, चयनित अभ्यर्थियों की पहली वरीयता सूची (First Merit List) चालू माह के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। चयनित अभ्यर्थियों को नामांकन, फीस और क्लास शेड्यूल से जुड़ी विस्तृत जानकारी उनके पंजीकृत माध्यमों द्वारा सीधे उपलब्ध करा दी जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram