Beauty Adda: सावन का महीना और हरियाली तीज जैसे त्यौहार हरे रंग के बिना अधूरे माने जाते हैं। इस मौसम में महिलाएं हरी साड़ी, सूट, चूड़ियां और ज्वेलरी पहनना काफी पसंद करती हैं। ऐसे में अगर आउटफिट के साथ आई मेकअप भी मैचिंग हो, तो पूरा लुक बेहद खूबसूरत और आकर्षक नजर आने लगता है। सावन, तीज या किसी भी धार्मिक पूजा के मौके पर आप घर पर ही आसान ब्यूटी टिप्स की मदद से परफेक्ट ग्रीन स्मोकी आई मेकअप लुक पा सकती हैं।
Read more: सावन में सोलह श्रृंगार का क्या है महत्व? बिंदी से बिछिया तक जानें मान्यता
आई मेकअप के लिए ऐसे तैयार करें बेस
आई मेकअप शुरू करने से पहले आंखों के आसपास की त्वचा को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद हल्का मॉइश्चराइजर लगाएं और फिर आई प्राइमर का इस्तेमाल करें।
अगर आपके पास आई प्राइमर उपलब्ध नहीं है, तो आप हल्का सा कंसीलर लगाकर उसके ऊपर कॉम्पैक्ट पाउडर सेट कर सकती हैं। इससे आईशैडो को एक स्मूद बेस मिलता है और मेकअप लंबे समय तक टिका रहता है। अपनी स्किन टोन के हिसाब से सही ग्रीन शेड का चुनाव करना भी जरूरी है।
क्रीज और पलकों पर लगाएं आईशैडो
सबसे पहले पलकों की क्रीज लाइन पर हल्का ब्राउन या न्यूड आईशैडो लगाएं। यह एक ट्रांजिशन शेड की तरह काम करता है, जिससे बाकी रंगों को आपस में मिलाने में आसानी होती है।
Read more: सावन 2026 शुरू: कब है पहला सोमवार? जानें चारों व्रत की तारीख
इसके बाद पलक के बीच वाले हिस्से (आईलिड) पर ग्रीन आईशैडो लगाएं। ब्रश को रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से डैब करते हुए (थपथपाते हुए) लगाएं, ताकि रंग अच्छी तरह से उभरकर आए।
आउटर कॉर्नर और ब्लेंडिंग पर ध्यान दें
आंखों के बाहरी कोने (आउटर कॉर्नर) पर डार्क ग्रीन या ब्लैक आईशैडो लगाएं और इसे धीरे-धीरे ब्लेंड करें। यही डार्क शेड आंखों को असल स्मोकी इफेक्ट देने में मदद करता है।
स्मोकी आई मेकअप में ब्लेंडिंग सबसे अहम स्टेप है। जहां दो अलग-अलग शेड मिल रहे हों, वहां साफ ब्लेंडिंग ब्रश की मदद से हल्के हाथों से मिक्स करें ताकि कोई भी हार्श लाइन दिखाई न दे।
काजल, आईलाइनर और मस्कारा से दें फाइनल टच
वॉटरलाइन पर गहरा ब्लैक काजल लगाएं और ऊपर की पलकों पर पतला आईलाइनर लगाएं। काजल को एक छोटे ब्रश से हल्का सा स्मज करें, जिससे आंखों को और भी खूबसूरत स्मोकी लुक मिले।
इसके बाद लोअर लैश लाइन पर भी थोड़ा सा ग्रीन आईशैडो लगाकर ब्लेंड करें। अंत में लैशेज को घना और लंबा दिखाने के लिए अच्छी क्वालिटी का मस्कारा लगाकर अपना आई मेकअप पूरा करें।




