Ranchi : रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए झारखंड बंद के दौरान मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर प्रदर्शन किया। रातू रोड स्थित न्यू मार्केट चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए टायर जलाए और सरकार के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण रातू रोड पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुट गई। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की।
इससे पहले हरमू रोड के किशोरगंज चौक और हरमू चौक पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क पर प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस बल के पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से बंद का समर्थन करने की अपील भी की।
Read more : झारखंड विधानसभा में हंगामा, सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित




