Patna/Gopalganj: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने बुधवार को अपने गोपालगंज दौरे के क्रम में प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे मंदिर में पहुंचकर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां थावे भवानी के चरणों में शीश नवाकर समस्त बिहारवासियों के लिए सुख, शांति, खुशहाली और निरंतर समृद्धि की प्रार्थना की।
मां थावे का आशीर्वाद पूरे बिहार पर बना रहे: सीएम
मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि वे मां थावे का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने भावुक मन से कहा कि मां थावे की असीम कृपा पूरे बिहार के लोगों पर सदैव बनी रहे। उनका एक ही संकल्प है कि बिहार हर क्षेत्र में समृद्ध बने और विकास के नित नए पथ पर तेजी से आगे बढ़ता रहे।
गृह जिला आगमन पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
सीएम के अपने गृह जिले गोपालगंज पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका भव्य नागरिक स्वागत किया गया। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पुष्प-गुच्छ भेंटकर सीएम का अभिनंदन किया। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और थावे मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सीएम को अंगवस्त्र, पुष्प-गुच्छ और स्मृति प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी भी सीएम के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, विधायक मंजीत कुमार सिंह, विधायक सुभाष सिंह, विधान पार्षद राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, सारण आयुक्त मनीष कुमार, डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।





