फॉण्ट कनवर्टर NEW

LNMI के छात्रों को ‘गंगा टू ग्लोबल’ का तोहफा: हर साल 100 छात्र जाएंगे विदेश, सीएम का ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ललित नारायण मिश्र संस्थान (LNMI) के 'आगाज-2026' कार्यक्रम में 'गंगा टू ग्लोबल' पहल, AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 10 एकड़ में नए सेटेलाइट कैंपस की घोषणा की।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार के युवाओं को वैश्विक स्तर के अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (LNMI) में आयोजित नए सत्र के छात्रों के इंडक्शन एंड ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘आगाज 2026’ का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘गंगा टू ग्लोबल’ अवधारणा की घोषणा करते हुए कहा कि संस्थान के प्रतिभावान विद्यार्थियों को दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों से सीखने और समझने का अवसर दिया जाएगा।

प्रत्येक सत्र में 100 छात्र 1 महीने के लिए जाएंगे विदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गंगा टू ग्लोबल’ पहल के तहत प्रत्येक सत्र में LNMI के लगभग 100 विद्यार्थियों को 1 महीने के एक्सपोजर विजिट पर विदेश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में भेजा जाएगा। इसके साथ ही संस्थान में छात्रों की वर्तमान संख्या 1600 से बढ़ाकर 3000 तक करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। भूमि की कमी को दूर करने के लिए भवन निर्माण विभाग की 1 एकड़ भूमि संस्थान को हस्तांतरित की जाएगी, जबकि पटना में विकसित होने वाले नए टाउनशिप में 10 एकड़ भूमि पर LNMI का नया सेटेलाइट कैंपस स्थापित किया जाएगा।

AI, क्वांटम कंप्यूटर और अर्बन पॉलिसी का खुलेगा सेंटर

तकनीक और आधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने संस्थान में तीन बड़े केंद्रों की स्थापना का ऐलान किया। LNMI में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सेंटर फॉर अर्बन पॉलिसी एंड गवर्नेंस तथा क्वांटम कंप्यूटर सेंटर स्थापित किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक नीति निर्माण, शहरी विकास, गवर्नेंस और नई तकनीकों पर उच्च स्तरीय शोध का अवसर प्राप्त होगा।

15 अगस्त से देर रात भी ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा

राज्य में शिक्षा सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित कर दिए गए हैं। साथ ही 551 मॉडल स्कूलों की शुरुआत की गई है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 15 अगस्त से रात 11 बजे के बाद भी छात्र ऑनलाइन माध्यम से शिक्षकों से सवाल पूछकर अपनी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

6 गोल्ड मेडलिस्ट सम्मानित, LMS का हुआ शुभारंभ

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 के पासआउट 6 गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया और संस्थान के नए ‘लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम’ (LMS) का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव सह LNMI की निदेशक डॉ. एन. विजयलक्ष्मी और आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शरद कुमार यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram