फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार की 11वीं की छात्रा ने CJI सूर्यकांत को बांधी राखी, लिया ऑटोग्राफ

बिहार के सीवान की 11वीं की छात्रा रागिनी ओझा ने सुप्रीम कोर्ट के जजेज लाउंज में CJI सूर्यकांत को अपने हाथ से बनाई राखी बांधी और ऑटोग्राफ लिया।

अपनी भाषा में पढ़ें

New Delhi: बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाली 11वीं की छात्रा रागिनी ओझा ने सुप्रीम कोर्ट पहुंचकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को अपने हाथों से बनाई राखी बांधी। छात्रा के इस स्नेह और सादगी भरे भाव से अभिभूत होकर CJI सूर्यकांत ने सर्वोच्च न्यायालय के जजेज लाउंज में 20 स्कूली बच्चों के साथ संवाद किया और रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया।

रागिनी ओझा मूल रूप से बिहार के सीवान स्थित जीरादेई गांव की निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली के पश्चिम विनोद नगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में 11वीं विज्ञान की पढ़ाई कर रही हैं। वे पहली बार सुप्रीम कोर्ट परिसर पहुंची थीं, जहां उन्हें देश के मुख्य न्यायाधीश से सीधे मिलने और संवाद करने का अवसर मिला।

छात्रा की इच्छा पर जजेज लाउंज में हुआ कार्यक्रम

रागिनी ने रक्षाबंधन पर CJI को खुद की बनाई राखी बांधने की विनम्र इच्छा जताई थी। छात्रा के इस भावनात्मक आग्रह से प्रभावित होकर सीजेआई ने सुप्रीम कोर्ट परिसर के जजेज लाउंज में विशेष रक्षाबंधन समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया।

राखी बांधने के बाद रागिनी ने CJI सूर्यकांत का ऑटोग्राफ (हस्ताक्षर) भी लिया, जिसे वे जीवनभर एक अमूल्य स्मृति-चिह्न के रूप में संभालकर रखना चाहती हैं। कार्यक्रम के बाद सभी विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।

‘लगा जैसे कोई खूबसूरत सपना देख रही हूं’

सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के अपने अनुभव को साझा करते हुए रागिनी ने कहा कि परिसर में प्रवेश का हर एक पल उनके लिए अविस्मरणीय रहा। सुरक्षा जांच और एस्कॉर्ट वाहन से अंदर जाते समय मिले सम्मान और गरिमा को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

उन्होंने बताया कि उस वक्त ऐसा लग रहा था मानो वे कोई सपना देख रही हों। रागिनी ने कहा कि वे केवल राखी बांधकर नहीं लौटी हैं, बल्कि अपने साथ जीवनभर प्रेरणा देने वाली सीख और अनमोल यादें लेकर आई हैं, जिसके लिए वे CJI के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram