Patna: बिहार के प्रमुख शहरों में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुगम और गरिमापूर्ण सार्वजनिक परिवहन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित ‘पिंक बस सेवा’ जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला रही है। शहर की व्यस्त सड़कों और भीड़भाड़ के बीच महिलाओं के लिए अलग एवं समर्पित बस सेवा शुरू होने से महिला यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक बना है। इन आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकर और आपातकालीन पैनिक बटन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा बसों में टिकट वितरण और परिचालन के लिए महिला कंडक्टरों की तैनाती की गई है।
6 प्रशिक्षित बेटियों ने थामी पिंक बस की स्टीयरिंग
मई 2025 में जब राज्य में पिंक बस सेवा की शुरुआत की गई थी, तब सरकार ने तय किया था कि इन बसों में ड्राइवर और कंडक्टर सहित पूरा स्टाफ महिलाएं ही होंगी। शुरुआत में महिला कंडक्टर तो मिल गईं, लेकिन महिला बस चालकों की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
इस कमी को दूर करने के लिए परिवहन विभाग ने महिलाओं को हेवी व्हीकल ड्राइविंग की विशेष ट्रेनिंग दिलवाई। इसी पहल के तहत छह महिलाओं—रागिनी कुमारी, गायत्री कुमारी, आरती कुमारी, सरस्वती कुमारी, बेबी कुमारी और अनीता कुमारी को औरंगाबाद स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च (IDTR) में 2025 में कड़ा प्रशिक्षण दिया गया। अब ये छह बेटियां पूरी तरह दक्ष होकर आत्मविश्वास के साथ पिंक बसों की स्टीयरिंग संभाल रही हैं। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के पटना कार्यालय में इनकी तस्वीरें लगाकर इनके हौसले की सराहना की गई है।
पीएम ई-बस सेवा से जुड़े नए रूट, आधुनिक सुविधाओं से लैस गाड़ियां
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत पटना और आसपास के उपनगरीय इलाकों के लिए 5 नई अत्याधुनिक एसी इलेक्ट्रिक पिंक बसें जोड़ी गई हैं।
रूट संचालन: बीएसआरटीसी के अनुसार, दो बसें पटना से पालीगंज, दो बसें बेली रोड कम्यूट रूट और एक बस पटना से बिहटा मार्ग पर संचालित की जा रही हैं।
प्रमुख सुविधाएं: ये सभी गाड़ियां लो-फ्लोर, बैटरी चालित और वातानुकूलित हैं, जिनमें मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और आरामदायक सीटों की व्यवस्था है।
महिला यात्रियों ने बताया सुरक्षित और सराहनीय कदम
सफर कर रहीं महिला यात्रियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन में पहले सुरक्षा और सहूलियत को लेकर अक्सर झिझक रहती थी, लेकिन पिंक बस सेवा ने यात्रा को चिंतामुक्त बना दिया है। महिला यात्रियों के अनुसार, पूर्णतः महिला स्टाफ और उन्नत सुरक्षा उपकरणों से लैस यह व्यवस्था उनके आत्मविश्वास और गतिशीलता को बढ़ाने वाली एक अत्यंत संवेदनशील पहल है।




