फॉण्ट कनवर्टर NEW

साइकिल ने बदली बेटियों की राह, 2008 की वो योजना फिर चर्चा में

मंत्री श्रवण कुमार ने मसौढ़ी में 75 लाख के सेमिनार हॉल का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य में अब तक 19 लाख से अधिक बच्चों को साइकिल योजना का लाभ मिल चुका है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार के ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा है कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में पहली बार सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली 1.70 लाख छात्राओं को स्कूल जाने के लिए साइकिल दी गई थी, जबकि अब तक कुल 19 लाख से अधिक विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। मंत्री मंगलवार को पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड स्थित जतीचक के पन्नू लाल सिंह महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

75 लाख की लागत से बने अत्याधुनिक सेमिनार हॉल का उद्घाटन

समारोह के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने महाविद्यालय परिसर में करीब 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सेमिनार हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में किताबी ज्ञान के साथ-साथ बौद्धिक विकास के लिए सेमिनार और कार्यशालाएं बेहद जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए इस हॉल का निर्माण कराया गया है।

मेडिकल, इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षा का विस्तार

मंत्री ने राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय खोले गए, जिससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। वर्ष 2019 से छात्रों के लिए भी साइकिल योजना का विस्तार किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों को पोशाक और छात्रवृत्ति योजना का लाभ भी नियमित रूप से दिया जा रहा है।

हर प्रखंड में खुलेंगे मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज

श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य के प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, बीएड कॉलेजों में सभी प्रमुख विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में प्रमुख गणमान्य रहे उपस्थित

उद्घाटन समारोह में एपीयू के कुलपति प्रो. उपेंद्र सिंह, मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी, विधान पार्षद डॉ. अनामिका पटेल, मगध विश्वविद्यालय के पूर्व प्रति कुलपति प्रो. गणेश महतो, सिंडिकेट सदस्य प्रतिभा सिंह और एसडीएम धनराज सिंह उपस्थित रहे।

इसके अलावा महाविद्यालय के सचिव डॉ. पारसनाथ सिंह, डॉ. जनार्दन सिंह, डॉ. कृष्णनंदन सिंह, जनेश्वर प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार, नगर अध्यक्ष गोल्डी समेत कई शिक्षक और गणमान्य मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य डॉ. दामोदर सिंह ने किया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of Samsul Haque

Samsul Haque

Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor