फॉण्ट कनवर्टर NEW

कटहल मोड़ पर अपराधियों का तांडव, बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी को मारी गोली, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। बुधवार दोपहर शहर के व्यस्त इलाके कटहल मोड़ पर बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी राधेश्याम साहू पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में राधेश्याम

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। बुधवार दोपहर शहर के व्यस्त इलाके कटहल मोड़ पर बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी राधेश्याम साहू पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राधेश्याम साहू रोज की तरह अपनी दुकान शांभवी इंटरप्राइजेज के पास खड़े थे। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और बिना कुछ बोले उन पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारी और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

घायल राधेश्याम साहू कटहल मोड़ इलाके में छड़ और सीमेंट के कारोबार से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने बताया कि फायरिंग के पीछे रंगदारी या पुरानी रंजिश की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल सभी संभावित कोणों पर जांच जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों का सुराग मिल सके। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि कटहल मोड़ के इस इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारी वर्ग दहशत में है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इधर, राधेश्याम साहू की स्थिति को लेकर डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वे खतरे से बाहर नहीं हैं। पुलिस अस्पताल में मौजूद रहकर बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान जल्द हो सके।

इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारिक समुदाय में भय का माहौल है और लोगों ने मुख्यमंत्री एवं पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram