आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों की शादी की चिंता को दूर करने के उद्देश्य से खगड़िया के लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सांसद राजेश वर्मा ने 51 बेटियों का सामूहिक विवाह कराने का संकल्प लिया है। “हमारी बहना, हमारा परिवार – सामूहिक विवाह महोत्सव 2027” नाम से शुरू की गई यह पहल बेटियों के सम्मान, सुखद भविष्य और उनके नए जीवन की मंगलमय शुरुआत को समर्पित है। भव्य सामूहिक पंडाल में वैदिक मंत्रों और मंगल शहनाई की गूंज के बीच इन बेटियों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
खगड़िया और सिमरी बख्तियारपुर कार्यालय में निशुल्क निबंधन जारी
यह भी पढ़ें: अपराधियों से लेकर लापरवाह अफसरों तक पर CM सम्राट सख्त, दिया जीरो टॉलरेंस का अल्टीमेटम
इस जनकल्याणकारी पहल के तहत खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के खगड़िया स्थित सांसद कार्यालय और सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सांसद प्रतिनिधि कार्यालय में निशुल्क निबंधन की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के अनुसार, अब तक ढाई दर्जन से अधिक बेटियों का पंजीकरण हो चुका है। सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि बेटियों का विवाह कराना एक महापुनीत कार्य है और आर्थिक तंगी किसी भी पिता के अरमानों के आड़े न आए, इसी सोच के साथ यह कदम उठाया गया है। सभी बेटियों के हाथों में मेहंदी रचाकर भव्य पंडाल से हर्षोल्लास के साथ उनकी विदाई की जाएगी।
प्रति विवाह 3 से 4 लाख रुपये खर्च का अनुमान, मकर संक्रांति के बाद होगा आयोजन
सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने बताया कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए कन्या के अनुकूल स्वजातीय वर तलाशने में भी पूरा सहयोग दिया जा रहा है। सभी 51 जोड़ों का विवाह एक ही भव्य पंडाल में धूमधाम से होगा, जिसमें प्रति विवाह 3 से 4 लाख रुपये तक खर्च होने का अनुमान है। यह समारोह नए साल में मकर संक्रांति के बाद पड़ने वाले शुरुआती लग्न में आयोजित किए जाने की संभावना है, और तब तक 51 बेटियों के निबंधन का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार
जरूरतमंद परिवार हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं संपर्क
आयोजकों ने खगड़िया लोकसभा और सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक परिवार सांसद कार्यालय खगड़िया या सिमरी बख्तियारपुर कार्यालय (हेल्पलाइन नंबर 9939482284) पर संपर्क कर अपनी बेटियों का निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
संबंधित खबरें
- बिहार अपराधियों से लेकर लापरवाह अफसरों तक पर CM सम्राट सख्त, दिया जीरो टॉलरेंस का अल्टीमेटम
- बिहार जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार
- बिहार अब मनचलों की खैर नहीं! स्कूल-कॉलेज और कोचिंग के बाहर ‘पुलिस दीदी’ का पहरा
- बिहार मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर छतों से बरसे ईंट-पत्थर! बुलडोजर का शीशा टूटा










