रांची: सेरेब्रल पॉलिसी जैसी चुनौती के बावजूद अदम्य साहस और अटूट संकल्प के बल पर मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाले गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी लगन, संघर्ष और उत्कृष्ट प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुंह से लिखकर रचा कीर्तिमान
मुलाकात के क्रम में मो० फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित हैं और दांतों में पेन दबाकर यानी मुंह से लिखकर पढ़ाई व परीक्षा देते हैं। इसी अद्भुत कौशल और परिश्रम के बूते उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर मिसाल कायम की है। फैजानुल्लाह यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा के छात्र रहे हैं।
समावेशी शिक्षा और होम-बेस्ड एजुकेशन का सहारा
जानकारी के अनुसार, फैजानुल्लाह की पढ़ाई राज्य सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम-बेस्ड एजुकेशन (HBE) के माध्यम से आगे बढ़ी। तमाम शारीरिक सीमाओं के बीच उन्होंने अपनी मेहनत और इस व्यवस्था के सहारे परीक्षा में अव्वल दर्जे की कामयाबी हासिल की, जिसने यह साबित किया कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ निश्चय से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
पूरे देश के लिए प्रेरणा है यह सफलता, राज्य सरकार ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मो० फैजानुल्लाह की उपलब्धि केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का जीवंत व प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के प्रति ऐसा जज्बा समाज को नई ऊर्जा देता है। मुख्यमंत्री ने फैजानुल्लाह का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें आगे की पढ़ाई व अन्य आवश्यकताओं के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा में राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे, जिन्होंने छात्र की इस असाधारण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
Trusted Source on
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग आईआईटीएफ-2026 में झारखंड के फूड स्टॉल को रजत पदक
- #ट्रेंडिंग सात दशक पहले संसद में गूंजा था अलग झारखंड का स्वर
- #ट्रेंडिंग साइबर अपराध और डायन-बिसाही के खिलाफ बच्चों को किया जागरूक, थाना प्रभारी ने बताए बचाव के तरीके
- #ट्रेंडिंग संविधान दिवस पर चैनपुर में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, 250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत का संदेश










