रांची: राजधानी रांची में सार्वजनिक सुविधाओं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ रांची नगर निगम (RMC) ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ताजा मामला धुर्वा क्षेत्र के वार्ड संख्या 40 से सामने आया है, जहां लगातार हो रही स्ट्रीट लाइट की चोरियों को लेकर प्रशासन हरकत में आया है। इस मामले में करीब 30 स्ट्रीट लाइट गायब होने की सूचना के बाद धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को वार्ड 40 के पार्षद ने क्षेत्र में बार-बार हो रही स्ट्रीट लाइट चोरी की समस्या को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार के संज्ञान में लाया। मामले की गंभीरता को समझते हुए अपर नगर आयुक्त ने तुरंत कदम उठाया और विद्युत शाखा के सहायक अभियंता को मौके पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराने की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू करने को कहा गया।
यह भी पढ़ें: गुरुनानक जयंती पर स्वच्छ और सुंदर दिखेगी रांची: विशेष सफाई अभियान तेज, श्रद्धालुओं की राह आसान
अपर नगर आयुक्त के आदेश के बाद विद्युत शाखा के सहायक अभियंता ने धुर्वा के प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया और लगभग 30 स्ट्रीट लाइट की चोरी से जुड़ा सनहा धुर्वा थाना में दर्ज करवाया। इतना ही नहीं, अपर नगर आयुक्त ने थाना प्रभारी को निर्देश दिया है कि इस मामले में तेजी और सख्ती से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि चोरी की इन वारदातों में शामिल लोगों की पहचान कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि नगर निगम की संपत्ति शहर के विकास और आम लोगों की सुविधा के लिए होती है। स्ट्रीट लाइट या अन्य सरकारी संसाधनों की चोरी करना, उन्हें तोड़ना-फोड़ना या सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी या लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों को सख्त दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
दूसरी ओर, रांची नगर निगम ने शहरवासियों से भी इस मुहिम में साथ देने की अपील की है। निगम प्रशासन का कहना है कि यदि कहीं भी स्ट्रीट लाइट, सरकारी उपकरण या निगम की किसी अन्य संपत्ति की चोरी, तोड़फोड़ या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो लोग तुरंत टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर सूचना दें। अधिकारियों का मानना है कि नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से ही सरकारी संपत्तियों की हिफाजत हो सकेगी और शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं लगातार मिलती रहेंगी।
यह भी पढ़ें: 5 दिसंबर से दौड़ेगा कांके का अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस, युद्धस्तर पर तैयारी
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग गुरुनानक जयंती पर स्वच्छ और सुंदर दिखेगी रांची: विशेष सफाई अभियान तेज, श्रद्धालुओं की राह आसान
- #ट्रेंडिंग 5 दिसंबर से दौड़ेगा कांके का अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस, युद्धस्तर पर तैयारी
- भारत ‘नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे’, मोदी-बालेन की मुलाकात में 8 समझौते; 15 हजार करोड़ की मदद
- भारत सावधान! देश की 32 यूनिवर्सिटी निकलीं फर्जी, UGC ने जारी की नई लिस्ट; देखें








