मैक्सिको में एक कुख्यात ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ राज्य में हालात बेकाबू हो गए हैं। तस्करों के सरगना फॉस्ट्रो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के बाद उसके गुर्गों ने पूरे राज्य में हिंसक उत्पात मचाया, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह ट्रकों और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात इतने बेकाबू हो गए हैं कि सैन्य हेलीकॉप्टरों से भी गोलीबारी करके तस्करों का सामना करने का प्रयास किया जा रहा है।
संयुक्त मिशन में गिरफ्तारी और शहर भर में फैली गोलीबारी
इसिड्रो की गिरफ्तारी अमेरिकी खुफिया एजेंसी और मैक्सिकन सेना समेत कई एजेंसियों के संयुक्त सहयोग से की गई। बताया गया है कि यह पूरा मिशन शुक्रवार को चलाया गया था। उस वक्त भी दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। 44 वर्षीय इसिड्रो और उसके साथियों ने सुरक्षाबलों की टीम पर हमला कर दिया, जिसके बाद गोलीबारी पूरे शहर में फैल गई। घंटों चली कार्रवाई के बाद अंततः तीनों को गिरफ्तार किया गया। मैक्सिकन रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इसिड्रो की गिरफ्तारी अमेरिकी खुफिया विभाग की रिपोर्ट के आधार पर की गई थी, लेकिन इसे गिरफ्तार करना आसान नहीं रहा।
यह भी पढ़ें: इजरायल में सत्ता का सस्पेंस! आइजनकोट फेल हुए तो फिर PM बन सकते हैं नेतन्याहू
राजमार्ग बंद, आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकालने का अभियान
जैसे ही गिरफ्तारी की खबर सामने आई, इसिड्रो के गुर्गों ने शहर को निशाना बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने जमकर उत्पात मचाते हुए शहर के राजमार्गों को बंद कर दिया और लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला जाने लगा। घटना के बारे में जानकारी देते हुए सिनालोआ की अंतरिम गवर्नर ग्रेसिएला डोमिंग्वेज ने बताया कि हालात को काबू में करने की कोशिशें जारी हैं और फिलहाल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। हालांकि, अभी भी कई लोग हाईवे पर फंसे हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति के दबाव के बीच कार्टेल पर बड़ी कार्रवाई
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब मैक्सिको पर अमेरिकी राष्ट्रपति का भारी दबाव है कि वह दक्षिणी सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बार-बार अमेरिका में अवैध नशीले पदार्थों की आमद को रोकने को अपने प्रशासन के सुरक्षा एजेंडे का मुख्य हिस्सा बनाया है, और मैक्सिकन कार्टेल के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है।
कौन है एल चापो इसिड्रो और क्या हैं गंभीर आरोप
चापो इसिड्रो मैक्सिको के सबसे बड़े ड्रग कार्टेलों में से एक गुआसावे कार्टेल का प्रमुख है, जो पूरे सिनालोआ में सक्रिय है। चापो इससे पहले ताकतवर बेल्ट्रान लेयवा ऑर्गनाइजेशन से जुड़ा था, लेकिन गुटों के बीच मतभेद होने के कारण 2013 के आसपास उसने अपना खुद का आपराधिक नेटवर्क बना लिया। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि उसने 2005 से 2019 के बीच बड़ी मात्रा में कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन और मारिजुआना बनाने और बांटने की साजिश रची थी। संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने यह भी आरोप लगाया कि उसके संगठन ने अमेरिका में फेंटेनाइल और अन्य जानलेवा नशीले पदार्थों की बाढ़ ला दी थी।
यह भी पढ़ें: ईरान का दोहरा वार! बहरीन में अमेरिकी ठिकाने दहले, होर्मुज में टैंकरों पर ड्रोन बरसे
संबंधित खबरें
- World इजरायल में सत्ता का सस्पेंस! आइजनकोट फेल हुए तो फिर PM बन सकते हैं नेतन्याहू
- World ईरान का दोहरा वार! बहरीन में अमेरिकी ठिकाने दहले, होर्मुज में टैंकरों पर ड्रोन बरसे
- World जानिए कौन हैं कोलेट क्रेस, जिनके हाथों में आई Nvidia की कमान?
- World जेन्सेन हुआंग विवाद में नया ट्विस्ट, एलिस का कथित पति भी निकला बिजनेस टाइकून!













