New Delhi: फिटनेस के प्रति सजग रहने वाले लोगों के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि एक्सरसाइज करते समय ढीले कपड़े पहनना बेहतर है या फिर शरीर से चिपके हुए टाइट कपड़े। फिटनेस ट्रेनर्स के अनुसार, जिम में वर्कआउट के दौरान सही कपड़ों का चुनाव केवल लुक और स्टाइल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपके आराम, बॉडी मूवमेंट, सही पोस्चर और एक्सरसाइज के नतीजों को सीधे प्रभावित करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसका कोई एक नियम नहीं है, बल्कि कपड़ों का चुनाव एक्सरसाइज के प्रकार, फैब्रिक और मौसम पर निर्भर करता है।
Read more: दिनभर कुर्सी पर बैठकर काम करते हैं? जिम जाना भी नहीं बचा पाएगा इन 4 बीमारियों से!
कार्डियो और रनिंग: स्ट्रेची व फिटेड कपड़े बेहतर
यदि आप ट्रेडमिल पर रनिंग करते हैं, साइकिल चलाते हैं या तेज कार्डियो वर्कआउट करते हैं, तो शरीर के करीब रहने वाले फिटेड और स्ट्रेची कपड़े सबसे मुफीद होते हैं। फिटेड टी-शर्ट, रनिंग शॉर्ट्स और एक्टिव लेगिंग्स लगातार मूवमेंट के दौरान अपनी जगह पर स्थिर बने रहते हैं। इससे कपड़ों को बार-बार खींचने या ठीक करने का झंझट खत्म हो जाता है और पूरा ध्यान केवल एक्सरसाइज पर केंद्रित रहता है। इसके साथ ही कार्डियो के लिए मॉइस्चर-विकिंग (पसीना सुखाने वाला) फैब्रिक चुनना चाहिए।
वेट ट्रेनिंग और HIIT: लचीलापन जरूरी, मशीनों से दूरी
वेट ट्रेनिंग जैसे स्क्वाट, लंज और डेडलिफ्ट के दौरान शरीर को कई कोणों पर झुकना और मूव करना पड़ता है। ऐसे में बहुत ढीले कपड़ों के बजाय हल्के स्ट्रेची और शरीर के आकार के अनुसार फिट कपड़े सबसे सुविधाजनक होते हैं। हालांकि, कपड़े इतने टाइट भी नहीं होने चाहिए कि सांस लेने में रुकावट आए या रक्त संचार प्रभावित हो।
वहीं, हाई-इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग (HIIT) और सर्किट ट्रेनिंग में जंप, बर्पी और बॉक्स जंप जैसी तेज गतिविधियां होती हैं। इन एक्सरसाइज में बहुत अधिक ढीले या लटकने वाले कपड़े जिम की मशीनों और उपकरणों में फंस सकते हैं, जिससे गंभीर चोट लगने का जोखिम रहता है।
योग और मोबिलिटी: रिलैक्स्ड फिट देता है आराम
योग, स्ट्रेचिंग और बॉडी मोबिलिटी एक्सरसाइज के लिए थोड़ा रिलैक्स्ड और फ्लोई फिट सबसे अच्छा माना जाता है। इन एक्टिविटीज में शरीर को मोड़ने, स्ट्रेच करने और लंबे समय तक एक मुद्रा में रहने के लिए पर्याप्त जगह की जरूरत होती है। हालांकि कपड़े इतने भी खुले नहीं होने चाहिए कि अलग-अलग आसन करते समय वे बार-बार चेहरे पर आएं या फिसलें।
Read more: बिना डाइट और जिम के वजन घटाना है? बस बदल लें ये रोज़ की आदतें
जिम वियर चुनते समय फैब्रिक की सांस लेने की क्षमता (ब्रीदेबिलिटी) का विशेष ध्यान रखें, ताकि पसीना त्वचा पर जमा न हो और संक्रमण से बचाव हो सके।




