रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार सुबह सरायकेला के पटनायक टोला स्थित ठेकेदार संजय डालमिया के घर छापेमारी की। करीब सुबह 7 बजे तीन वाहनों से पहुंची ED की टीम ने घर को अपने कब्जे में लिया और तलाशी शुरू की।
ED की टीम घर के अलग-अलग हिस्सों में दस्तावेज और अन्य सामानों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये का लोन लेने और उसका भुगतान नहीं करने से जुड़े मामले में की जा रही है।
जांच एजेंसी बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और मामले से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान घर के बाहर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह-सुबह हुई कार्रवाई से इलाके में हलचल बढ़ गई।
जमानत पर बाहर हैं संजय डालमिया
जानकारी के अनुसार, लोन डिफॉल्ट से जुड़े मामले में कारोबारी संजय डालमिया फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। ED की टीम उनके आवास पर जांच कर रही है।
हालांकि, छापेमारी को लेकर ED की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तलाशी पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।




