फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार शिक्षक ट्रांसफर: ऑनलाइन आवेदन शुरू, 5 अगस्त तक मिलेगा मौका

बिहार शिक्षक ट्रांसफर के लिए ई-शिक्षकोष पोर्टल 29 जुलाई से खुल गया है। पात्र शिक्षक 5 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे और 31 अक्टूबर तक अंतिम आदेश जारी होंगे।
बिहार शिक्षक ट्रांसफर के लिए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पोर्टल खोला।
बिहार शिक्षक ट्रांसफर के लिए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पोर्टल खोला।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार के करीब 6 लाख सरकारी शिक्षकों के लिए बहुप्रतीक्षित ट्रांसफर प्रक्रिया बुधवार, 29 जुलाई से शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने बिहार शिक्षक ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है। पात्र शिक्षक 5 अगस्त तक ई-शिक्षकोष पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया तीन चरणों में होगी और 31 अक्टूबर तक अंतिम आदेश जारी किए जाएंगे।

Read more: बिहार के छात्रों के लिए सीएम का बड़ा ऐलान, बीएड कॉलेज बनेंगे डिग्री कॉलेज, शनिवार हाफ-डे

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि ई-शिक्षकोष पोर्टल पर 29 जुलाई से 5 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे। इस अवधि में समायोजन, समानुपातीकरण और पारस्परिक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

शिक्षा मंत्री ने कहा, “मैं सभी पात्र शिक्षकों से अपील करता हूं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-शिक्षा पोर्टल पर आवेदन अवश्य करें और आवेदन करते समय सभी आवश्यक प्रक्रिया को पूरा करें।”

TRE-3 शिक्षक भी कर सकेंगे ट्रांसफर के लिए आवेदन

शिक्षा मंत्री के अनुसार, इस बार स्थानांतरण प्रक्रिया संशोधित नियमावली के तहत लागू की गई है। बड़ा बदलाव यह है कि बीपीएससी के पिछले तीन चरणों से नियुक्त शिक्षक, जो अभी प्रोबेशन पीरियड में भी हैं, निर्धारित शर्तों के अनुसार स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षकों को राहत मिलेगी, जो अपने गृह जिले या सुविधाजनक स्थान पर पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और तकनीक आधारित बनाना है, ताकि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पहले चरण में समायोजन और समानुपातीकरण

स्थानांतरण प्रक्रिया का पहला चरण 7 अगस्त से 9 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान समायोजन और समानुपातीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग संबंधित सूची प्रकाशित करेगा और उस पर मिलने वाली आपत्तियों व अपीलों का निपटारा करने के बाद अंतिम सूची जारी करेगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करना है। जहां शिक्षकों की कमी या अधिकता है, वहां उचित समायोजन किया जाएगा।

10 से 14 सितंबर तक पारस्परिक स्थानांतरण

पहला चरण पूरा होने के बाद 10 सितंबर से 14 सितंबर तक पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया चलेगी। जिला स्थापना समिति, प्रमंडलीय स्थापना समिति और राज्य स्थापना समिति अपने-अपने स्तर पर आवेदनों की जांच करेंगी। जांच के बाद पात्र शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण पर निर्णय लिया जाएगा।

सामान्य ट्रांसफर के लिए 17 सितंबर से आवेदन

तीसरे और अंतिम चरण में सामान्य स्थानांतरण किए जाएंगे। इसके लिए 16 सितंबर को विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 17 से 23 सितंबर तक शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का चयन करते हुए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 24 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच सामान्य स्थानांतरण सूची प्रकाशित की जाएगी, अपीलों का निष्पादन होगा और अंतिम आदेश जारी किए जाएंगे।

पूरी ट्रांसफर प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवेदन से लेकर सूची प्रकाशन और अपीलों के निपटारे तक सभी चरण डिजिटल माध्यम से पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और शिक्षकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

Read more: बाबा भोले के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, श्रावणी मेला 2026 शुभारंभ, सीएम ने किए कई बड़े ऐलान

शिक्षा मंत्री ने कहा, “सभी जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। यह एक समस्या है कि कुछ क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी है तो कुछ क्षेत्र में शिक्षकों की अधिकता है। सबको विभाग समायोजन करने की कोशिश करेगा।”

रिश्वत देने और लेने वालों पर होगी कार्रवाई

शिक्षा मंत्री ने ट्रांसफर प्रक्रिया में रिश्वत को लेकर भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिक्षक स्थानांतरण के लिए किसी अधिकारी को रिश्वत देने की कोशिश करता है और इसकी जानकारी मिलती है, तो रिश्वत देने और लेने वाले दोनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मिथिलेश तिवारी ने कहा, “नई ऑनलाइन व्यवस्था से राज्य के लाखों शिक्षकों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से स्थानांतरण का अवसर मिलेगा। आने वाले समय में इससे विद्यालयों में शिक्षकों का संतुलन सुनिश्चित होगा और शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।”

Read more: बिहार में बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, रोहतास रोजगार मेले में 453 को मिली नौकरी

ट्रांसफर-पोस्टिंग का शेड्यूल: आवेदन 29 जुलाई से शुरू होकर 5 अगस्त तक चलेंगे। समायोजन और समानुपातीकरण की प्रक्रिया 7 अगस्त से 9 सितंबर तक होगी। पारस्परिक स्थानांतरण 10 से 14 सितंबर के बीच होगा। सामान्य ट्रांसफर के लिए विद्यालयवार संशोधित रिक्तियां 16 सितंबर को जारी होंगी और 17 से 23 सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। अंतिम प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram