Bhagalpur: सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सीएम ने इस अवसर पर श्रावणी मेला ऐप का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा, सुविधाओं और मेले से जुड़ी आवश्यक जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी।
सुल्तानगंज के विकास के लिए कई बड़े ऐलान
सीएम ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा। अजगैबीनाथ से अगुवानी घाट तक रोपवे का निर्माण होगा और भागलपुर से मुंगेर तक लगभग 83 किलोमीटर लंबा गंगा पथ (मरीन ड्राइव) विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, नए टाउनशिप और पर्यटन सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
पुल, फोरलेन और रेललाइन परियोजनाओं पर जोर
सीएम ने कहा कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा सुल्तानगंज-देवघर फोरलेन सड़क का निर्माण बरसात के बाद तेज गति से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज-देवघर नई रेललाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। वहीं अजगैबीनाथ धाम में हरिद्वार की तर्ज पर दोनों ओर घाट विकसित किए जाएंगे। साथ ही डॉल्फिन पर्यटन, गंगा पार्क और रोपवे परियोजना पर भी सरकार काम कर रही है।
रोजगार, शिक्षा और उद्योग पर भी फोकस
सीएम ने कहा कि नाथनगर में विक्रमशिला टाउनशिप और बरियारपुर-मुंगेर में अंग टाउनशिप विकसित की जाएगी। वहीं गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित कर रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिन 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां कॉलेज खोले गए हैं। राज्य के 551 स्थानों पर मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एक करोड़ रोजगार देने के संकल्प का दोहराया
सीएम ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने श्रावणी मेले को दुनिया की सबसे बड़ी आस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालु ‘बोल बम’ के उद्घोष के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक पदयात्रा करते हैं, जो सामाजिक समरसता और आस्था का अनूठा उदाहरण है।
कांवरिया सेवा शिविर का भी किया उद्घाटन
सीएम ने सुल्तानगंज स्थित कांवरिया पथ पर निर्मित सेवा शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य, पेयजल, विश्राम, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है।




