फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार में बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, रोहतास रोजगार मेले में 453 को मिली नौकरी

रोहतास के डालमियानगर में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले में 24 निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया। करीब 1800 अभ्यर्थियों में से 453 युवाओं को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 63 अभ्यर्थियों को करियर मार्गदर्शन मिला।

अपनी भाषा में पढ़ें

Rohtas: बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से रोहतास के डालमियानगर में जिला स्तरीय रोजगार एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। संयुक्त श्रम भवन परिसर में मंगलवार को आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। रोजगार के अवसर तलाशने पहुंचे करीब 1800 अभ्यर्थियों में से 453 को विभिन्न कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें करियर संबंधी मार्गदर्शन देना था।

Read more: बिहार आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25: विकास दर में देश में दूसरे स्थान पर बिहार, जानें 12 बड़े आंकड़े

24 निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा

रोजगार मेले में 24 निजी कंपनियों ने भाग लिया। इनमें एचआरबीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, क्यूसेकॉर्प, एलआईसी ऑफ इंडिया, एसआईएस लिमिटेड और एमबीआई लाइफ केयर प्राइवेट लिमिटेड समेत कई कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों ने टेक्निकल ऑपरेटर, सेल्स फील्ड ऑफिसर, नर्स, इंश्योरेंस एजेंट, मैकेनिक ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर और शिक्षक सहित कई पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया।

1800 अभ्यर्थियों में 453 हुए शॉर्टलिस्ट

रोजगार मेले में कुल 30 स्टॉल लगाए गए थे। इनमें 24 कंपनियों के स्टॉल, चार रजिस्ट्रेशन काउंटर और दो विभागीय स्टॉल शामिल थे। करीब 1800 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। इनमें से 1491 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया। जांच प्रक्रिया के बाद 453 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 63 अभ्यर्थियों को सरकारी विभागों की ओर से करियर और रोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।

पदाधिकारियों ने किया उद्घाटन

रोजगार मेले का उद्घाटन डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार, सहायक निदेशक नियोजन सुबोध कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश कुमार तिवारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विजेता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

नौकरी मिलने पर खुशी जाहिर की

फ्रीडम एम्प्लॉयएबिलिटी एकेडमी में शिक्षिका पद के लिए शॉर्टलिस्ट हुईं वर्षा कुमारी ने बताया कि उन्हें नौकरी की जरूरत थी। भाई से रोजगार मेले की जानकारी मिलने पर वह अपना बायोडाटा लेकर पहुंचीं और चयनित होने के बाद काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, “रोजगार मेले में नौकरी के लिए आई थी। यहां जॉब मिल गई, मैं बहुत खुश हूं। बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार मेला काफी फायदेमंद साबित हो रहा है।”

एसडीएम ने युवाओं से की अपील

डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार ने कहा कि अवर प्रादेशिक नियोजनालय डालमियानगर की ओर से हर वर्ष जिले के विभिन्न प्रखंडों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उनके घर के आसपास ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

Read more: बिहार गति समीक्षा: सीएम सम्राट चौधरी ने अफसरों से कहा- बहाने नहीं, समय पर पूरा करें काम

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और रोजगार मेला नौकरी देने वाली कंपनियों तथा युवाओं के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने कौशल के आधार पर बेहतर भविष्य बनाने की अपील की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram