Munger: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर में शिक्षा और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। साथ ही, अब शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ-डे पढ़ाई होगी। सीएम ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। सीएम ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के रूप में चयनित उच्च विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं और समृद्ध पुस्तकालय विकसित किए गए हैं।
Read more: बाबा भोले के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, श्रावणी मेला 2026 शुभारंभ, सीएम ने किए कई बड़े ऐलान
इस योजना के तहत +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय लौना (तारापुर), उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गनैली, आरएनएम उच्च विद्यालय रनग्राम, सीता देवी जगमोहन साह +2 बालिका उच्च विद्यालय असरगंज, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय चाखंड, रानी प्रभावती उच्च विद्यालय संग्रामपुर, पब्लिक उच्च विद्यालय बढ़ौनियां, +2 उच्च विद्यालय मंझगांय, पंच कुमारी कन्या उच्च विद्यालय हवेली खड़गपुर तथा गांधी मेमोरियल +2 उच्च विद्यालय मुजफ्फरगंज सहित कई विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। सीएम ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा कक्षाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई की व्यवस्था की जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हरपुर में मॉडल थाना भवन का उद्घाटन
इसके बाद सीएम ने तारापुर प्रखंड के हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का उद्घाटन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भवन में जनसुनवाई, अभिलेख प्रबंधन, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला एवं बाल सुविधा कक्ष, वायरलेस तथा कंप्यूटर कक्ष सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक थाना भवनों, पुलिस लाइन, प्रशिक्षण केंद्रों और अन्य पुलिस अवसंरचनाओं के निर्माण से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी तथा अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी।
असरगंज डिग्री कॉलेज में शुरू हुई पढ़ाई
सीएम ने असरगंज के जलालाबाद स्थित रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर में संचालित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत सरकार प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के पास उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि असरगंज डिग्री कॉलेज का किया गया वादा आज पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व सीएम नीतीश कुमार और एनडीए नेतृत्व के सहयोग से बिहार के विकास का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि पहले आर्थिक कठिनाइयों के कारण गरीब परिवारों के बच्चे नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हर प्रखंड में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य के विभिन्न प्रखंडों में 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू हुई थी और अब यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है।
बीएड कॉलेजों में डिग्री कॉलेज और एयरपोर्ट की घोषणा
सीएम ने कहा कि बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। सभी प्रखंडों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध होगी और डिजिटल ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 11 बजे तक शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ-डे पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल-कूद की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। असरगंज विद्यालय के सामने स्थित मैदान का भी विकास कराया जाएगा। सीएम ने कहा कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे क्षेत्र के युवाओं को बिहार में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और मुंगेर तथा तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे। उन्होंने सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवर यात्रा को सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बताते हुए कहा कि समान वस्त्र पहनकर श्रद्धालुओं का 100 किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करना सामाजिक समानता का दुर्लभ उदाहरण है।
Read more: बिहार आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25: विकास दर में देश में दूसरे स्थान पर बिहार, जानें 12 बड़े आंकड़े
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम पंकज कुमार दाराद, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




