फॉण्ट कनवर्टर NEW

त्योहारों और विधानसभा सत्र को लेकर ‘हाई अलर्ट’, DC ने अफसरों को दी कड़ी हिदायत

रांची: आगामी दिनों में होने वाले बड़े त्योहारों और विधानसभा सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, शांति

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: आगामी दिनों में होने वाले बड़े त्योहारों और विधानसभा सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, शांति व्यवस्था और विकास योजनाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

त्योहारों पर रहेगी पैनी नजर

होली, ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर डीसी ने एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) को विधि-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण के मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होली को लेकर सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

मार्च क्लोजिंग और वित्तीय सतर्कता

चूंकि वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना (मार्च क्लोजिंग) शुरू हो चुका है, डीसी ने सभी विभागों को फर्जी निकासी और वित्तीय अनियमितताओं के प्रति विशेष सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि अंतिम समय में होने वाले खर्चों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

शहर के विकास और सुरक्षा पर फोकस

  • अतिक्रमण पर प्रहार: उच्च न्यायालय के आदेशानुसार रांची के प्रमुख जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।

  • शपथ ग्रहण समारोह: नवनिर्वाचित नगरपालिका जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए।

  • सीसीटीवी और सौंदर्यीकरण: समाहरणालय परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द शुरू करने की बात कही गई।

  • प्रमाण पत्र और योजनाएं: जन्म प्रमाण पत्रों के वितरण में तेजी लाने और मंईयां सम्मान, छात्रवृत्ति व धान अधिप्राप्ति जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया।

बैठक में उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया सहित जिले के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे, जिन्हें डीसी ने नगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बधाई भी दी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram