अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस को सफलता मिली है। थार जीप से छह लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी डीएसपी केवी रमण ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में प्रयुक्त थार जीप को भी जब्त कर लिया गया है।
एक की मौत, गंभीर रूप से घायल महिला टीटी की हालत नाजुक
यह भीषण हादसा चुटिया के दुर्गा मंदिर चौक के पास हुआ, जहां बेकाबू थार ने छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में धर्मेंद्र सिंह (हटिया निवासी) की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रेलवे की महिला टीटी अन्नापूर्णा नायडू और उनके पुत्र कुणाल नायडू की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज गुरुनानक अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस खंगाल रही है सुराग
घटना के समय आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे धर दबोचा। अब पुलिस इस बात की गहन पूछताछ कर रही है कि दुर्घटना के समय वाहन में अतुल के साथ और कौन-कौन सवार था।

