अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
डुमरी प्रखंड के नवाडीह पंचायत में बुधवार को लोकपाल साहबान शेख द्वारा मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक भौतिक सत्यापन किया गया। स्थल निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुआं, बागवानी सहित अन्य योजनाओं की वास्तविक स्थिति देखी तथा संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की।
लोकपाल ने अधूरे और लंबित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए लाभुकों व संबंधित कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं में तुरंत कार्य प्रारंभ किया जाए, अन्यथा निर्धारित समय सीमा में कार्य शुरू न होने पर लाभुक तथा जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार, आवास और विकास से जोड़ना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की देरी, फर्जीवाड़ा या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही मौजूद अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
जांच के दौरान बीपीओ संदीप उरांव और नावाडीह पंचायत के रोजगार सेवक विजय केरकेट्टा भी उपस्थित रहे। दोनों कर्मियों के साथ लोकपाल ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने भी लोकपाल के सामने योजनाओं की प्रगति, मजदूरी भुगतान और अन्य समस्याओं को रखा। लोकपाल ने ग्रामीणों को समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
लोकपाल की इस जांच कार्रवाई से उम्मीद है कि नवाडीह पंचायत में लंबित योजनाओं को गति मिलेगी और ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी।

