Kathmandu: नेपाल के पूर्वी हिस्से में स्थित सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की आपस में टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारी और सोलुखुम्बु जिले में तैनात पुलिस उपाधीक्षक सूरज पांडे ने बताया कि फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर सुबह करीब आठ बजकर पंद्रह मिनट पर खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-चार स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए।
एक विदेशी की मौत, एक घायल
पुलिस अधिकारी पांडे के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में एक विदेशी नागरिक की मौत और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायल व्यक्ति की राष्ट्रीयता का अभी पता नहीं चल सका है। मृतक और घायल की पहचान भी फिलहाल उजागर नहीं की गई है। स्थानीय मीडिया सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि घायल को प्राथमिक उपचार के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से तुरंत लुकला ले जाया गया है। पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर आग नहीं लगी।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण कर रहा है जांच
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोलुखुम्बु के फेरिचे हेलीपोर्ट पर हुई इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई है और एक घायल हुआ है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों विमानों के रोटर ब्लेड आपस में टकराए थे और इस घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
पर्यटन और बचाव कार्यों का प्रमुख केंद्र है सोलुखुम्बु
बता दें कि सोलुखुम्बु जिले का एवरेस्ट क्षेत्र दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के कारण अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहाँ साल भर विदेशी पर्वतारोहियों और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में यात्रियों को लाने-ले जाने के साथ-साथ आपातकालीन बचाव अभियानों के लिए भी इन इलाकों में हेलीकॉप्टरों का नियमित रूप से इस्तेमाल किया जाता है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन इस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रहा है।







