अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Palamu : झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष-सह-सदस्या शबनम परवीन ने गुरुवार को पलामू जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राशन दुकानों, विद्यालयों और आवासीय स्कूल का निरीक्षण कर योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया।
राशन दुकानों का निरीक्षण
सबसे पहले उंटारी रोड प्रखंड के जोगा पंचायत में जन वितरण प्रणाली विक्रेता जगु चौधरी की दुकान की जांच की गई। यह निरीक्षण अखबार में प्रकाशित शिकायतों के बाद हुआ। जांच में कुछ लाभुकों ने समय पर राशन मिलने की पुष्टि की, जबकि अन्य ने देरी और खाद्यान्न कटौती की शिकायतें दर्ज कीं। मौके पर मौजूद ग्रीन कार्डधारियों ने बताया कि अगस्त का राशन अब तक नहीं मिला है। विक्रेता ने बताया कि गोदाम से आपूर्ति नहीं हो पाई है। आयोग ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 22 अगस्त तक उठाव और वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही विक्रेता से स्पष्टीकरण मांगा गया और जिला आपूर्ति पदाधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
इसके बाद निषाद मछुवारा स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित दुकान का निरीक्षण हुआ। यहां लगभग 25 लाभुकों ने आयोग को बताया कि उन्हें समय पर और पूरी मात्रा में राशन मिल रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने भंडार का सत्यापन किया, जिसमें पर्याप्त स्टॉक पाया गया।
विद्यालय निरीक्षण
राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिरजा में जांच के दौरान पाया गया कि छात्रों को प्रतिदिन मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिल रहा है। मौके पर ही छात्रों को भोजन कराया गया और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला शिक्षा अधीक्षक को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
बालिका आवासीय विद्यालय जांच
तरहसी स्थित बालिका आवासीय विद्यालय की 40 छात्राओं के बीमार होने की खबर पर आयोग ने जांच की। छात्राओं ने बताया कि जन्माष्टमी उपवास और देर रात नृत्य-गान के कारण अपच हुआ था, भोजन व्यवस्था से कोई शिकायत नहीं है। आयोग ने रसोई, वार्डन और शिक्षकों को स्वच्छता और मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

