फॉण्ट कनवर्टर NEW

स्कूल वैन से चोरी करने पहुंचे थे तार चोर, कबाड़ी समेत छह गिरफ्तार

Ramgarh : जिले के गोला थाना क्षेत्र में सक्रिय बिजली तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस

अपनी भाषा में पढ़ें

Ramgarh : जिले के गोला थाना क्षेत्र में सक्रिय बिजली तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 120 किलोग्राम तांबे का बिजली तार बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

एसपी अजय कुमार ने जानकारी दी कि यह गिरोह सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के बाहर लगे बिजली के महंगे तांबे के तारों की चोरी करता था। चोरी किए गए तार को कबाड़ियों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। इस गिरोह की खास बात यह थी कि कबाड़ी खुद चोरों के साथ मौके पर मौजूद रहता था और उन्हें स्कॉर्ट करता था, ताकि चोरी के तार को सुरक्षित रूप से ले जाया जा सके।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तार चोरी करने वाला गैंग गोला थाना क्षेत्र के सुतरी गांव में स्कूल वैन से चोरी करने पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मुरपा और झरियागढ़ा पुल के पास छापेमारी की। इस दौरान स्कूल वैन (मारुति ओमनी, सिल्वर रंग, जेएच 07 डी 0662) को रोका गया। वैन में सवार चार चोर मोरपा गांव के कौलेश्वर यादव उर्फ रेगा, तसौवर अंसारी, कोरांबे गांव के नितेश कुमार महतो और अबुध महतो उर्फ छोटू महतो को गिरफ्तार किया गया। वैन की तलाशी में 120 किलोग्राम चोरी किया गया बिजली तार बरामद हुआ।

एसपी ने बताया कि जब पुलिस कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान दो कबाड़ी कोरांबे गांव निवासी अमर कुमार दांगी और रामगढ़ के पारसोतिया निवासी सुरेंद्र चौधरी बाइक (जेएच 24 जे 5722) से वैन को स्कॉर्ट करते हुए पहुंचे। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि ये दोनों चोरी के तार की खरीद-बिक्री का काम करते थे।

एसपी अजय कुमार ने बताया कि सुरेंद्र चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस उसके नेटवर्क की जांच कर रही है और पहले हुई चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि भी हो रही है। रामगढ़ पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और चोरी की श्रृंखला में जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram