फॉण्ट कनवर्टर NEW

गुड़ाबांदा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 17 बाइक बरामद हुईं

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुड़ाबांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर कथित वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुड़ाबांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर कथित वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने मंगलवार को बताया कि जिले में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। उनके मार्गदर्शन तथा मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में गुड़ाबांदा थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ज्वालकट्टा मिलनवीथी हाई स्कूल के समीप हरिकीर्तन मंडप के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और मौके से तीन युवकों को तीन संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जमशेदपुर शहर के अलावा पूर्वी सिंहभूम तथा अन्य जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो मॉडल की बाइक हैं। इसके अलावा एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है।

वाहनों की बरामदगी के बाद पुलिस उनके इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर जांच कर रही है। संबंधित थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से बरामद मोटरसाइकिलों का मिलान किया जा रहा है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों और चोरी की घटनाओं का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन भी बरामद किया है। मोबाइल फोन की जांच के जरिए पुलिस वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महली, जयप्रकाश महली उर्फ प्रकाश और सचिन महली के रूप में हुई है। तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चकसोल टोला डुगरीगोड़ा के रहने वाले बताए गए हैं।

इस मामले में गुड़ाबांदा थाना में 24 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों और गिरोह में शामिल संभावित अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर वाहन चोरी की और घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram