रांची: राजधानी रांची में आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की दिशा में नगर निगम ने नया कदम उठाया है। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत राज्य सरकार तथा नगर विकास एवं आवास विभाग ने रांची नगर निगम को आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए ₹43.25 करोड़ की भारी राशि आवंटित की है। इसके साथ ही शहरी आबादी को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से शहर के 47 अलग-अलग स्थानों पर ‘अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ संचालित किए जाएंगे।
इन जन कल्याणकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और धरातल पर आने वाली अड़चनों को दूर करने के लिए रांची नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टेंडर प्रक्रिया, उपयुक्त स्थल चयन और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों की वार्डवार जवाबदेही और नया लैंड बैंक
नगर आयुक्त ने प्रशासनिक सुगमता के लिए प्रत्येक वार्ड में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और राजस्व निरीक्षक की संयुक्त वार्डवार टीम गठित कर जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया। यह टीम जमीनी दौरा कर उपयुक्त स्थल और जगह के सही उपयोग (Space Utility) का खाका तैयार करेगी।
इसके अलावा, भविष्य की विकास योजनाओं में जमीन की किल्लत न हो, इसके लिए नगर निगम स्तर पर एक समर्पित ‘लैंड बैंक’ तैयार किया जाएगा। इसमें सरकारी, सार्वजनिक व निगम की जमीनों के मूल खतियान, डीड और दस्तावेजों को सुरक्षित रखा जाएगा।
गली-मोहल्लों में काम के दौरान आने वाले स्थानीय विरोध को निपटाने के लिए एरिया लेवल फेडरेशन (ALF) और सामुदायिक संगठनों को सीधे संवाद से जोड़ा जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता गगनदेव बैठा समेत इंजीनियरिंग व स्वास्थ्य शाखा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





