फॉण्ट कनवर्टर NEW

सीएम सम्राट चौधरी से मिले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, हाई-स्पीड इंटरनेट और टेलीकॉम क्रांति पर बनी रणनीति

बिहार के दूरसंचार क्षेत्र को लगेंगे विकास के पंख! मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच 'संकल्प' सभागार में हुई अहम बैठक

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना: बिहार में आधुनिक संचार सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में गुरुवार को केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजधानी पटना का दौरा किया। उन्होंने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच राज्य के दूरसंचार (टेलीकॉम) क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर गहन और सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने बिहार के सुदूर ग्रामीण और शहरी इलाकों तक आधुनिक संचार सुविधाओं के विस्तार, बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी और इस क्षेत्र में छिपी निवेश की नई संभावनाओं पर विस्तार से मंथन किया।
चर्चा का मुख्य केंद्र बिहार में दूरसंचार अवसंरचना (टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर) को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा, ताकि मजबूत संचार सेवाओं के माध्यम से राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति दी जा सके। इस दौरान बिहार की भौगोलिक जरूरतों के अनुरूप आगामी परियोजनाओं के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुलाकात की शुरुआत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बिहार की परंपरा के अनुरूप पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस मुलाकात को बिहार में डिजिटल क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram