फॉण्ट कनवर्टर NEW

आरा स्टेशन पर महानंदा एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतरे, स्टेशन मास्टर सस्पेंड

बिहार के भोजपुर जिले में आरा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह करीब 4 बजे 15483 अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। ट्रेन की एक एसी और एक जनरल बोगी के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अपनी भाषा में पढ़ें

आरा: बिहार के भोजपुर जिले में आरा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह करीब 4 बजे 15483 अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। ट्रेन की एक एसी और एक जनरल बोगी के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद आरा स्टेशन मास्टर एनके राय को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि, स्टेशन मास्टर ने अपनी ओर से किसी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।

जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4:12 बजे आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन को बक्सर की ओर जाना था, लेकिन सिग्नल और ट्रैक से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन सासाराम की ओर जाने लगी। स्टेशन से करीब 200 मीटर आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के पास ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गईं।

यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर बैठाया गया

हादसे के बाद यात्रियों को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर बैठाया गया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने डिरेल हुई बोगियों को अलग कर ट्रेन को वापस प्लेटफॉर्म पर लाने की कार्रवाई शुरू की।

लोको पायलट उमाशंकर पांडेय ने बताया कि उन्हें ग्रीन सिग्नल मिला था। आगे बढ़ने के बाद उन्होंने देखा कि ट्रेन गलत दिशा में जा रही है। इसके बाद उन्होंने तुरंत ट्रेन रोक दी और स्टेशन मास्टर से जानकारी ली।

कई ट्रेनें हुईं प्रभावित

महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से चलीं।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि हादसे में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई। जैक की मदद से पटरी से उतरे पहियों को वापस पटरी पर लाया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 7:30 बजे अप लाइन पर रेल परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram