जमशेदपुर: एग्रिको दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से रविवार को एग्रिको क्लब हाउस परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर विधिवत भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ के साथ इस साल की दुर्गा पूजा की तैयारियों की शुरुआत हुई।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भूमि पूजन में मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। पंडित आनंद कुमार मिश्रा और सतीश पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई।
इस मौके पर पूजा कमेटी के अध्यक्ष वाई. पी. सिंह, महामंत्री भूपेंद्र सिंह समेत कमेटी के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
15 लाख रुपये की लागत से बनेगा पंडाल
पूजा कमेटी के अध्यक्ष वाई. पी. सिंह ने बताया कि एग्रिको में पिछले आठ वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार पूजा को और भव्य बनाने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के कौटुंबी क्षेत्र से कारीगरों को बुलाकर करीब 15 लाख रुपये की लागत से भव्य पूजा पंडाल तैयार कराया जाएगा। वहीं, करीब 2 लाख रुपये की लागत से मां दुर्गा की प्रतिमा पश्चिम बंगाल से मंगाई जाएगी।
कमेटी के अनुसार, इस बार मां दुर्गा की प्रतिमा को खास और आकर्षक रूप दिया जाएगा। भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण और प्रतिमा तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ भव्य पूजा का अनुभव देना है।




