फॉण्ट कनवर्टर NEW

सड़क हादसे रोकने के लिए टोटो चालकों को किया जागरूक, नियम तोड़ने से बचने की अपील

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में शुक्रवार को टोटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर शहीद चौक के पास यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

अपनी भाषा में पढ़ें

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में शुक्रवार को टोटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर शहीद चौक के पास यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान जिला यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

यातायात नियमों का पालन करने की दी सलाह

संतोष कुमार ने टोटो चालकों को बताया कि वाहन चलाते समय तय क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाएं। गलत दिशा या लेन में टोटो न चलाएं और वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर का इस्तेमाल करें। यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए सड़क के बीच में टोटो खड़ा करने से भी बचने को कहा गया।

मोबाइल और ईयरफोन का इस्तेमाल न करें

चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और नाबालिगों को टोटो नहीं चलाने देने को कहा गया। प्रशासन ने वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले चालकों से ही वाहन चलवाने पर जोर दिया।

गाड़ी के कागजात दुरुस्त रखने का निर्देश

कार्यक्रम में टोटो चालकों को रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और बीमा समेत सभी जरूरी कागजात पूरे रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा बैटरी, हेडलाइट, टेललाइट और इंडिकेटर की नियमित जांच करने तथा रात में वाहन की पहचान के लिए पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने को कहा गया।

यात्रियों की सुरक्षा सबसे जरूरी

यातायात प्रभारी ने कहा कि टोटो पूरी तरह रुकने के बाद ही यात्रियों को चढ़ाएं और उतारें। जल्दबाजी में वाहन चलाने और यात्रियों को हाथ-पैर बाहर निकालने देने से बचें। उन्होंने कहा कि चालकों की थोड़ी-सी लापरवाही भी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। कार्यक्रम के अंत में सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क हादसों को रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram