अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chatra: झारखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक, तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, उज्ज्वल कुमार दास सहित जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे।
डिजिटल पहल और विरासत का सम्मान
महोत्सव के दौरान अतिथियों द्वारा इटखोरी की ऐतिहासिक महत्ता पर आधारित एक विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माँ भद्रकाली मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया, जिससे अब दुनिया भर के लोग मंदिर से जुड़ी जानकारी और सेवाओं का लाभ डिजिटल माध्यम से उठा सकेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव की शुरुआत शंख और डमरू वादन के साथ हुई। मुहाने नदी के तट पर वाराणसी की तर्ज पर आयोजित भव्य गंगा आरती आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।
-
प्रमुख कलाकार: मानभूम छऊ नृत्य, बुटन देवी का झुमर, और कर्नाटक के पारंपरिक यक्षगान ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
-
ड्रोन शो: रात्रि में आयोजित विशेष ड्रोन शो ने चतरा के आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर कर दिया, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
एडवेंचर स्पोर्ट्स का रोमांच
इस वर्ष महोत्सव में आध्यात्म के साथ रोमांच का तड़का भी लगाया गया है। 19 और 20 फरवरी को बक्सा डैम में ‘इटखोरी एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्ट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
-
वाटर एक्टिविटीज: बनाना राइड, जेट स्की, कायाकिंग और वेक-बोर्डिंग जैसी 8 प्रकार की जलक्रीड़ाओं का लुत्फ पर्यटक उठा रहे हैं।
-
सुरक्षा: उपायुक्त कीर्तिश्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि सभी गतिविधियां विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी सुरक्षा के साथ संचालित की जा रही हैं।

