समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। राजधानी लखनऊ में जारी इस घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं और संविदा कर्मचारियों को साधने के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं। इसमें स्नातक पास बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने, प्रदेश के 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को नियमित शिक्षकों के बराबर वेतन देने और ग्रामीण इलाकों में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रमुख वादा शामिल है। इसके साथ ही पार्टी ने सत्ता में आने पर किसानों की कर्जमाफी और सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने की भी घोषणा की है।
बुजुर्ग महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
यह भी पढ़ें: पांच साल, गरीबों के नाम… धामी सरकार ने पेंशन से आवास तक पहुंचाया सहारा
सपा के चुनावी घोषणापत्र में बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों और कारीगरों को आर्थिक संबल देने के लिए सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने, बंद पड़े सरकारी स्कूलों को दोबारा खोलने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली की दिशा में ठोस कदम उठाने का वादा भी किया गया है। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर मानदेय दिया जाएगा और उन्हें स्थायी करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
2022 के कई वादों को बढ़ाकर फिर से किया शामिल
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, सपा के 2027 के घोषणापत्र में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के कई प्रमुख मुद्दों को दोबारा जगह दी गई है, जिनमें किसानों की कर्जमाफी, एमएसपी, रोजगार और पेंशन प्रमुख हैं। हालांकि, पार्टी ने इस बार योजनाओं में आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने और लाभार्थियों का दायरा विस्तृत करने का दावा किया है। गौरतलब है कि 2022 में जरूरतमंद महिलाओं को सालाना 18 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया था, जिसे इस बार बढ़ाकर 40 हजार रुपये सालाना कर दिया गया है और इसमें बुजुर्ग महिलाओं के साथ मजदूरों व कारीगरों को भी जोड़ा गया है।
यह भी पढ़ें: जहां गूंजती थीं बच्चों की किलकारियां, वहां अब मलबा ही मलबा… पवाणी अग्निकांड में उजड़ गए 50 परिवारों के आशियाने
पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे: आजम खान
घोषणापत्र जारी होने के कार्यक्रम के दौरान सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश में मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं और बेरोजगारी के कारण बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे युवा आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। आजम खान ने कहा कि आज के दौर में आम लोगों के लिए मौत सस्ती और जिंदगी महंगी हो गई है।
संबंधित खबरें
- उत्तराखंड पांच साल, गरीबों के नाम… धामी सरकार ने पेंशन से आवास तक पहुंचाया सहारा
- उत्तराखंड जहां गूंजती थीं बच्चों की किलकारियां, वहां अब मलबा ही मलबा… पवाणी अग्निकांड में उजड़ गए 50 परिवारों के आशियाने
- उत्तराखंड कपकोट में खाई में समाई स्कूटी, दो महिलाएं घायल, एक की हालत गंभीर
- उत्तराखंड 36 नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी मारी बाजी; CM धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र










