उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने सभी नए अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने 36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर विशेष खुशी जताते हुए कहा कि उनकी यह सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
सीएम धामी ने कहा कि नवनियुक्त अधिकारियों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही उनके माता-पिता व गुरुजनों का भी बड़ा योगदान है। उन्होंने याद दिलाया कि नियुक्ति पत्र के साथ ही अब आप सभी पर जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है और आपके काम से आम लोगों को समय पर राहत मिलना ही आपकी सबसे बड़ी सफलता होगी।
यह भी पढ़ें: संत रविदास के विचारों को जमीन पर उतार रही सरकार, CM धामी ने बताई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की सबसे अहम कड़ी हैं, जिनका सीधा संबंध आमजन की जमीन, आजीविका और अधिकारों से होता है। उन्होंने अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों को पूरी सावधानी, संवेदनशीलता व समयबद्धता के साथ निपटाने की अपेक्षा की। सीएम ने कहा कि एक किसान के लिए उसकी जमीन पूरे परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है, इसलिए किसी भी मामले को सुलझाते समय परिवार की परिस्थितियों को जरूर ध्यान में रखें।
उन्होंने निर्देश दिया कि तहसील में आने वाले हर व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और जरूरी कागजात व प्रक्रिया की साफ जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को बेवजह तहसीलों के चक्कर न काटने पड़ें। खासकर प्रदेश के पहाड़ी इलाकों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्राकृतिक आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समय पर आकलन सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द मदद मिल सके। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इसलिए सभी अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या लालच में आए बिना केवल नियम, कानून और तथ्यों के आधार पर फैसले लें। बिना सिफारिश आने वाले आम व्यक्ति का जायज काम तत्परता से करना ही निष्पक्ष प्रशासन की असली पहचान है।
यह भी पढ़ें: टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत, चम्पावत को CM धामी की 165 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में उतारने को कहा। उन्होंने बताया कि भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले 5 वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। अंत में सीएम ने सभी से पद की गरिमा बनाए रखने और पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ जनता का विश्वास जीतने की अपील की।
संबंधित खबरें
- उत्तराखंड संत रविदास के विचारों को जमीन पर उतार रही सरकार, CM धामी ने बताई योजनाएं
- उत्तराखंड टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत, चम्पावत को CM धामी की 165 करोड़ की सौगात
- उत्तराखंड लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए CM धामी का ऐलान, बिंदुखत्ता में बनेगा सभागार
- उत्तराखंड सौली खड्ड के पास पुलिस की चेकिंग में खुला नशे का खेल, युवक गिरफ्तार








