रांची: झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने और दूरस्थ बस्तियों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दिशा में राज्य के ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत झारखंड स्टेट रूरल रोड्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ने बड़ी पहल की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-जनमन के तहत राज्य के चार जिलों गढ़वा, लातेहार, पलामू और गोड्डा में नई सड़कों और उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण व पांच वर्षों तक रखरखाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। इस योजना के पूरा होने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को बारहमासी बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिल सकेगी।
चार जिलों के विभिन्न प्रखंडों में विकसित होंगी सड़कें और पुल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड में पीएमजीएसवाई रोड से घाघरा (3.31 किमी), पीडब्ल्यूडी रोड रोक्सी टोला से कैलान (1.7 किमी) और रेओ रोड से बरवारी (2.55 किमी) मार्ग का कार्य शामिल है, जिसकी कुल लागत 790.07 लाख रुपये निर्धारित है और अवधि 15 माह तय की गई है। लातेहार के महुआडांड़ प्रखंड में मेल रेओ रोड से इनजॉयखार (4.07 किमी) मार्ग 424.34 लाख रुपये की लागत से 15 महीने में तैयार किया जाएगा।
पलामू जिले में कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं। बिश्रामपुर प्रखंड में वनशक्ति आरपुर रेओ रोड हताई से पछघरा तक (4.455 किमी), सिंजो नाला पर उच्च स्तरीय पुल (44.760 मी.) और थिकी नाला पर उच्च स्तरीय पुल (52.600 मी.) के लिए 1001.71 लाख रुपये की लागत व 18 माह की अवधि तय की गई है। चैनपुर प्रखंड में चैनपुर हुटर आरसीडी रोड चांदो से भौंराहा वाया खुरहा (1 किमी), चांदो परसा खाड़ रेओ रोड बरवा खाड़ से घासी टोला (0.65 किमी) और धांसी नाला नदी पर एचएल आरसीसी पुल (60.640 मी.) के लिए 507.28 लाख रुपये तथा छत्तरपुर प्रखंड में कलापहाड़ मुख्य मार्ग से टेकाही (1.565 किमी) व सिरहा गांव वाया सिबंडीह से पनवातार (2.65 किमी) मार्ग के लिए 387.35 लाख रुपये निर्धारित हैं (दोनों की अवधि 15 माह)। वहीं गोड्डा जिले के गोड्डा सदर (झिलुआ मुख्य पथ से सहारपुर- 2.2 किमी) और पोरैयाहाट (रघुनाथपुर रोड से मालपहाड़िया- 1.12 किमी व पोरैयाहाट से दुलीडीह वाया कसिजोर- 0.8 किमी) में 413.12 लाख रुपये की लागत से 15 माह में कार्य पूरा किया जाना है।
23 नवंबर से 7 दिसंबर तक आवेदन, पांच साल तक रखरखाव
निर्माण पूरा होने के बाद इन सभी सड़कों और पुलों का पांच वर्षों तक नियमित रखरखाव भी किया जाएगा। प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन माध्यम से आवेदन 23 नवंबर 2026 (सुबह 10 बजे) से 7 दिसंबर 2026 (शाम 5 बजे) तक जमा किए जा सकेंगे, जबकि स्पष्टीकरण के लिए 2 दिसंबर 2026 (दोपहर 2 बजे) तक का समय तय है। तकनीकी विवरण 7 दिसंबर 2026 को शाम 5:30 बजे खोले जाएंगे। परियोजना से संबंधित विस्तृत विवरण pmgsytendersjhr.gov.in पर उपलब्ध है।





