फॉण्ट कनवर्टर NEW

कदमा बाढ़ में युवक लापता, परिजनों ने एसएसपी से लगाई गुहार

Jamshedpur : शहर में आई भीषण बाढ़ के बीच कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर दो से 28 वर्षीय युवक टीपू खान के तेज पानी के बहाव में बह जाने की घटना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मंगलवार की रात हुई इस घटना

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur : शहर में आई भीषण बाढ़ के बीच कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर दो से 28 वर्षीय युवक टीपू खान के तेज पानी के बहाव में बह जाने की घटना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मंगलवार की रात हुई इस घटना के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन बुधवार तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों ने प्रशासन की ओर से राहत और खोजबीन में देरी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।

परिजनों के अनुसार, टीपू खान बाढ़ का पानी बढ़ने के बाद अपने घर को लॉक कर सुरक्षित स्थान पर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते बह गया। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को घटना की जानकारी देकर युवक की तलाश शुरू कराने की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन और बचाव दल काफी देर से मौके पर पहुंचा। इसके बाद खोजबीन शुरू की गई, लेकिन अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण तलाश में काफी परेशानी हुई। परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर भी संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की और गालूडीह बराज तक पहुंचे, लेकिन वहां भी टीपू खान का कोई पता नहीं चल सका।

लगातार दूसरे दिन भी युवक के नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। बुधवार को परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से टीपू खान की तलाश में सहयोग करने की मांग की। इसके बाद परिवार के सदस्य एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी से मुलाकात कर बाढ़ में लापता युवक को जल्द से जल्द खोज निकालने की गुहार लगाई। परिजनों ने प्रशासन से नदी और आसपास के जलक्षेत्र में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाने की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram