रामगढ़: रामगढ़ पुलिस की गश्ती और आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले को 20 नए पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं। मंगलवार को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।
इन नए वाहनों से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती बढ़ेगी। साथ ही अपराध की रोकथाम, एंटी-क्राइम चेकिंग और संवेदनशील इलाकों की निगरानी में भी मदद मिलेगी।
Dial-112 पर मिलेगी तेज पुलिस सहायता
नए पेट्रोलिंग वाहनों का इस्तेमाल आपात स्थिति में भी किया जाएगा। Dial-112 पर मिलने वाली शिकायतों के बाद पुलिस टीम को संबंधित क्षेत्र में जल्द पहुंचने में मदद मिलेगी। इससे लोगों तक पुलिस सहायता तेजी से पहुंच सकेगी और पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ेगी।
पहले चरण में मिले थे 13 वाहन
पुलिस आधुनिकीकरण अभियान के पहले चरण में रामगढ़ पुलिस को 13 पेट्रोलिंग वाहन और 19 दोपहिया वाहन मिले थे। अब दूसरे चरण में 20 नए वाहन मिलने से पुलिस के गश्ती और त्वरित कार्रवाई के संसाधन और मजबूत हुए हैं। पुलिस का कहना है कि इससे जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।




