अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड विधानसभा के 25वें स्थापना दिवस समारोह में इस वर्ष धनबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक राज सिन्हा को ‘उत्कृष्ट विधायक’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। तीन बार के लगातार विजेता राज सिन्हा को यह सम्मान उनके उल्लेखनीय कार्यों, जनहित में किए गए प्रयासों और जनता के प्रति समर्पित सेवा भावना को देखते हुए प्रदान किया जा रहा है।
राज सिन्हा को सम्मान के रूप में 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र, शॉल और मोमेंटो प्रदान किया जाएगा, जिसे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार प्रदान करेंगे। उन्हें वर्ष 2025 के लिए भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए चुना गया है।
राज सिन्हा पहली बार 2014 में राजनीति में बड़ी जीत दर्ज कर विधायक बने थे, जहां उन्होंने कांग्रेस के मन्नान मल्लिक को 52 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया था। 2019 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने मल्लिक को 30 हजार से अधिक मतों से हराया। वहीं 2025 के हालिया चुनावों में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार दुबे को 48 हजार से अधिक वोटों से मात दी। लगातार तीन बार की जीत ने उनके राजनीतिक प्रभाव और जनसमर्थन को मजबूत किया है।
विधानसभा स्थापना दिवस समारोह में न केवल उत्कृष्ट विधायक को सम्मानित किया जाएगा, बल्कि विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मियों को भी सम्मान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन कर्मियों को 21 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र, शॉल और मोमेंटो प्रदान करेंगे। इस वर्ष स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद उत्कृष्ट कर्मी पुरस्कार के लिए छह विधानसभा कर्मियों संतोष कुमार सिंह (संयुक्त सचिव), नीलम कुजूर (प्रशाखा पदाधिकारी), मोहम्मद शाहिद हैदर (सहायक प्रशाखा पदाधिकारी), राकेश कुमार सिंह (पर्यवेक्षक उद्यान), मन्नू राम (अनुसेवक) और रवीन्द्र पाल (अनुसेवक) का चयन किया गया है।
उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में कांके रोड स्थित आवास पर सम्पन्न हुई। समिति में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह, नवीन जायसवाल, पत्रकार दीर्घा समिति के संयोजक आनंद मोहन और विधानसभा के प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम शामिल थे।
22 नवंबर को होने वाले भव्य कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। समारोह दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा, पहले सत्र में उत्कृष्ट व्यक्तियों का सम्मान और दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर बॉलीवुड गायक रूप कुमार राठौर और हास्य कवि दिनेश बावरा अपनी प्रस्तुति देंगे।

