रांची: झारखंड में एक बार फिर बारिश तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त से 1 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
27 अगस्त: गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है। हजारीबाग और कोडरमा में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
28 से 30 अगस्त: चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, दुमका, देवघर, जामताड़ा और धनबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी बारिश की संभावना है।
31 अगस्त: कोई विशेष अलर्ट नहीं है, लेकिन कई जगहों पर बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
1 सितंबर: राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रांची में भी तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 27 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री रहेगा, जो 29 और 30 अगस्त को घटकर 28 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
इस मानसून में अब तक झारखंड में 679.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 10 फीसदी कम है। वहीं पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 1099 मिमी बारिश दर्ज की गई है।




